बागपत। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह शुक्रवार को जिले के मुकंदपुर, निरोजपुर गुर्जर और छपरौली कस्बे में पहुंचे और असम में उग्रवादियों से हुई मुठभेड़ में बलिदान हुए धर्मेन्द्र चौधरी के परिजनों को सांत्वना दी। इसके अलावा पार्टी के पदाधिकारियों का निधन होने पर सांत्वना दी।रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी गांव निरोजपुर गुर्जर पहुंचे। गांव निवासी पार्टी के पदाधिकारी चौधरी सूरत सिंह के परिजनों को सांत्वना दी।
उग्रवादियों से मुठभेड़ में बलिदान
चौधरी सूरत सिंह राष्ट्रीय लोकदल के पुराने कार्यकर्ता थे और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह व चौधरी अजीत सिंह के सहयोगी रहे थे। कुछ दिनों पूर्व चौधरी सूरत सिंह प्रधान का निधन हो गया था। इसके बाद जयंत चौधरी गांव मुकंदपुर पहुंचे और बलिदानी धर्मेन्द्र चौधरी के परिजनों को सांत्वना दी। जवान धर्मेंद्र चौधरी असम राइफल्स में ड्यूटी के दौरान उग्रवादियों से हुई मुठभेड़ में बलिदान हो गए थे। धर्मेन्द्र चौधरी के परिजन से जयंत चौधरी ने सरकार से मिलने वाली सहायता के बारे में भी पूछा।