नई दिल्ली। राजस्थान के उदयपुर में कांग्रेस का तीन दिवसीय चिंतन शिविर आज से शुरू हो गया है। 15 मई तक चलने वाले इस चिंतन शिविर में लगातार चुनाव में हार और कांग्रेस नेताओं में असंतुष्टि को लेकर चर्चा होगी। इसके अलावा देश के कई मुद्दों पर फोकस भी किया जाएगा। चिंतन शिविर की शुरुआत कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के संबोधन से हुई।
सोनिया गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस की नीतियों के कारण देश जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उस पर विचार करने के लिए ये शिविर एक बहुत अच्छा अवसर है। ये देश के मुद्दों पर चिंतन और पार्टी के सामने समस्याओं पर आत्मचिंतन दोनों ही है।
राहुल और प्रियंका का उदयपुर में स्वागत
चिंतन शिविर में शामिल होने के लिए राहुल गांधी उदयपुर पहुंच चुके हैं। राहुल गांधी ट्रेन के जरिए उदयपुर पहुंचे। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी प्लेन से यहां पहुंचीं। राहुल और प्रियंका का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी के साथ छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल समेत लगभग 75 नेता ट्रेन से दिल्ली से मेवाड़ एक्सप्रेस से उदयपुर पहुंचे।
राहुल गांधी की अगवानी के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई प्रदेश स्तरीय नेता उदयपुर के सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, राहुल गांधी का स्वागत है। स्टेशन पर हज़ारों लोग आए। शानदार स्वागत हो रहा है, लोगों में उत्साह है।