गोरखपुर। पिछले कुछ दिनों से गर्मी 40 डिग्री तापमान के साथ इतरा रही थी लेकिन मंगलवार को बारिश की बूंदों ने उसका गुरूर तोड़ दिया। तीन घंटे तक अनवरत वर्षा हुई। इसका परिणाम रहा कि शाम सात बजते-बजते लोगों को शीतलता का आभास हुआ। हालांकि दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा।
आज भी आसमान में छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि बुधवार को भी जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। जबकि रात का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।
27 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
पिछले चार दिन में अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 40 से 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से 22 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। गर्मी से बेहाल लोग मंगलवार को घरों से बाहर निकलकर मौसम लुत्फ उठाते देखे गए। मौसम सुहावना हुआ तो बच्चे भी उछल कूद करते दिखे।
बारिश से लोगों को मिली राहत
जिले के कैंपियरगंज, पीपीगंज, पिपराइच, चौरी चौरा, बड़हलगज, सहजनवां, गोला, खजनी सहित हर क्षेत्र में लोग बारिश से खुशहाल नजर आए। बता दें गर्मी व हीट इंडेक्स से पिछले कुछ दिनों से इंसान ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी भी प्रभावित थे, लेकिन शनिवार की बारिश से हर कोई रोमांचित दिख रहा है।
खरीफ की तैयारी में मिलेगी मदद
बारिश से किसानों को खरीफ की तैयारी में मदद मिलेगी। जिला कृषि रक्षा अधिकारी संजय यादव का कहना है कि किसानों को चाहिए कि वह अपने खेतों की जोताई कर लें। बीज शोधन का कार्य पूरा कर लें। ताकि समय से धान की फसल बोई जा सके। उन्होंने कहा कि यह बारिश सब्जियों के लिए फायदेमंद हैं। मंगलवार को सिर्फ बारिश थी। ऐसे में आम को भी इसका लाभ मिलेगा। आम के फल पकने लगेंगे।