गोरखपुर। जिले में ब्रह्मभोज में जा रहे पूर्व जिला पंचायत सदस्य (जिपंस) को मनबढ़ों ने पुरानी रंजिश में पीट दिया। जानकारी होने पर भतीजा बचाने पहुंचा तो आरोपितों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने एक आरोपित को पकड़ लिया। पिटाई के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। घायल हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य व आरोपित मेडिकल कालेज में भर्ती हैं।
यहां बतादें कि गुलरिहा के बनगाई गांव निवासी वीरेंद्र राजभर की माता का शुक्रवार को ब्रह्मभोज था। पूर्व जिला पंचायत सदस्य लालू साहनी के छोटे भाई राजेश ब्रह्मभोज में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में गांव के अजय उर्फ संतराज, राजेश, सजन, रामधनी व झुंगिया गांव निवासी रवि ने पुरानी रंजिश में राजेश की पिटाई कर दी। जानकारी होने पर भतीजा धनंजय साहनी बचाने पहुंचा तो पेट में तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने गोली चलाने के आरोपित अजय उर्फ संतराज को पकड़ लिया। एहतियातन गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस धनंजय के साथ ही उसके चाचा राजेश व आरोपित अजय को मेडिकल कॉलेज ले गई। जहां डाक्टर ने अजय को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति है। एहतियात के तौर पर फोर्स तैनात कर दी गई है। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी। एक आरोपित हिरासत में है।