पुलिस थाने में ही महिला सिपाही से हुई छेड़छाड़

Listen to this article

पटना (बिहार) थाने में ही एक पुलिसकर्मी ने महिला सिपाही के साथ रेप की कोशिश और गलत तरह से छेडख़ानी की। जब महिला सिपाही ने विरोध जताया तो आरोपी ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया। महिला सिपाही के चिल्लाने पर अन्य महिला पुलिसकर्मियों की आंख खुल गई और आरोपी पुलिसकर्मी को पकड़ लिया गया। बाद में महिला सिपाही ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मामला बिहार के खगडिय़ा जिले का है। यहां के महेशखूंट थाने के मुंशी ने एक सोती हुई महिला सिपाही के ऊपर गलत नजर रखते हुए छेड़छाड़ और जबरदस्ती की। हालांकि, वह कामयाब नहीं हो पाया और पकड़ा गया। महिला सिपाही ने इस बात की तुरंत जानकारी थाना प्रभारी नीरज कुमार को दी। नीरज कुमार ने तुरंत एक्शन लेते हुए मुंशी को हिरासत में ले लिया। शिकायत दर्ज होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। खगडिय़ा एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि संबंधित इलाके के डीएसपी को जांच के आदेश दिए गए हैं। महिला सिपाही की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मुंशी को जेल भेज दिया गया है। दूसरी ओर, पुलिस थाने में ही होने वाली ऐसी घटना ने लोगों के मन में पुलिस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब महिलाएं थाने में ही सुरक्षित नहीं हैं तो बाहर उनकी सुरक्षा क्या गारंटी है।