कुशीनगर। जिले के कसया के कुरमौटा मंझरिया में एक ट्रैक्टर चालक की हत्या का मामला प्रकाश में आया। शनिवार सुबह उसका शव सतुगड़ही देवी स्थान के निकट गंडक के किनारे मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत कर जानकारी ली और मामले की छानबीन में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक अवधेश ट्रैक्टर चालक था। परिजनों के मुताबिक वह ट्रैक्टर मालिक के घर ही ज्यादातर रहता था। उसने पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी की थी। उससे एक पुत्र हुआ। चार वर्ष पूर्व पत्नी बेटे के साथ लेकर कहीं चली गई। घर में 70 वर्षीया बूढ़ी मां कलावती देवी व बड़ा भाई मनोज है। अकेला होने के कारण अवधेश अक्सर बाहर ही रहता था। गुरुवार की रात घर आया था। अगली सुबह अपनी मां से काम पर जाने की बात कहकर निकला था। शनिवार की सुबह गांव के लोग मंदिर के करीब नदी की ओर गए तो उन्होंने अवधेश का शव देखा तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई। लोगों के मुताबिक मृतक के गर्दन पर चोट का निशान था। मौके से ऐसा लग रहा था कि हत्या कहीं और करके शव को नदी किनारे फेंक दिया गया।
इस बाबत इस्पेक्टर सुधीर सिंह ने बताया कि मृतक को शराब पीने की लत थी। उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं आई है। मां और बड़ा भाई कुछ नहीं बता रहे। मृतक के गले पर चोट का निशान मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।