पौधरोपण की तैयारियां जोरो पर, जगह-जगह बनाए गए गड्ढे

Listen to this article

पहली जुलाई किया जाएगा पौधरोपण

 

देवरिया। जिले में पहली जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद पौधरोपण कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में है। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। इस क्रम में जिले के सभी ब्लॉकों, सामुदायिक भूमि और चिह्नित शैक्षणिक संस्थानों में बड़े पैमाने पर गड्ढों की खुदाई हुई। वन विभाग के पौधशालाओं की सूची और उपलब्ध पौधों की प्रजातिवार संख्या भी संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दी गई है। इस साल जिले में 33,03,774 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष वन विभाग की पौधशालाओं में 41,34,804 पौधे उपलब्ध हैं।
सीडीओ रवींद्र कुमार ने सलेमपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत कोल्हुआ, रामपुर बुजुर्ग, कोला, परसिया खाप में पौधरोपण के लिये गड्ढा खुदाई का निरीक्षण किया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी पीएन सिंह ने पशु चिकित्सालय परिसर बरहज में नगर पालिका के सहयोग से जीसीबी मशीन से गड्ढों की खुदाई कराई। पीडी संजय पांडेय ने बरहज ब्लॉक के कपरवार, भलुअनी ब्लॉक के डुमरी, गड़ेर सहित विभिन्न स्थानों पर तैयारियों का जायजा लिया। बीएसए संतोष कुमार राय ने सदर ब्लॉक स्थित खोराराम और मुकुंदपुर में पौधरोपण की तैयारी का निरीक्षण किया। भलुअनी ब्लॉक के बीडीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न अधिकारियों ने कई जगहों पर गड्ढों की खुदाई कराई। बताया गया कि देवरिया रेंज के कंचनपुर पौधशाला में 1,68,067, गोविंदपुर में 226352, पथरदेवा में 159830, फुलवरिया कुटी में 166549, बरियारपुर में 236521, लाला मुजहना में 434111, बरहज रेंज के रेलयार्ड में 541544, महेन में 91767, भटनी रेंज के रेलयार्ड बनकटा में 59209, सिद्धार्थ पौधशाला में 317960, सिरसिया में 440760, रुद्रपुर रेंज के देवगांव गौरी बाजार में 139357, धतूरा खास में 215943, महाराजगंज में 312611, सलेमपुर रेंज के बकुची में 154460, मठ लार में 140998, महुअवा पांडेय में 203276 और महानपुर बुजुर्ग में 125489 पौधे उपलब्ध है। इन पौधों में शीशम, सेमल, कचनार, जामुन, अर्जुन, आंवला, कदंब, पीपल, कंजी, पाकड़, सागौन, बरगद, अमरुद, सहजन, गुटेल, बकैन, जंगल जलेबी आदि प्रजातियों के पौधे उपलब्ध हैं।