यशवंत सिन्हा ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए किया नामांकन, राहुल गांधी और शरद पवार थे साथ

Listen to this article

 

नई दिल्ली। विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने नामांकन कर दिया है। इसे मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और एनसीपी के लीडर शरद पवार समेत कई विपक्षी नेता उनके साथ मौजूद थे। यही नहीं समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव, सीपीएम के महासचिव सीताराम येचुरी और टीएमसी के सुधींद्र कुलकर्णी समेत कई अन्य विपक्षी नेता मौजूद थे। कांग्रेस के राज्यसभा में नेता मल्लिकार्जुन खडग़े भी इस मौके पर थे, जो राहुल गांधी के बगल में बैठे नजर आए। इसके अलावा आज सुबह ही यशवंत सिन्हा की उम्मीदवारी को समर्थन करने वाली तेलंगाना की सत्ताधारी पार्टी टीआरएस के नेता भी पहुंचे थे। जम्मू कश्मीर से फारूक अब्दुल्ला भी इस मौके पर समर्थन जाहिर करने पहुंचे थे। यशवंत सिन्हा सत्ताधारी एनडीए गठबंधन की ओर से उतारी गईं द्रौपदी मुर्मू को चुनौती देंगे। हालांकि द्रौपदी मुर्मू की जीत काफी हद तक तय मानी जा रही है। इसकी वजह यह है कि एनडीए बहुमत के आंकड़े से थोड़ी ही दूर है, जबकि वाईएसआर कांग्रेस, बीजू जनता दल जैसी पार्टियों ने उनके समर्थन का ऐलान किया है। ऐसे में मुर्मू की जीत तय मानी जा रही है।