द्रौपदी मुर्मू न्यूट्रल और मजबूत राष्ट्रपति नहीं हो सकतीं: तेजस्वी

Listen to this article

पटना (बिहार)। देश के नए राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान जारी है। चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच पटना में बिहार विधानसभा के लाइब्रेरी सभागार में वोटिंग चल रही है। विधानसभा के सभी सदस्य कतार में लगकर मतदान कर रहे हैं। सभी सदस्य अपनी पार्टी या गठबंधन के लाइन पर वोट डाल रहे हैं। इस बीच वोट डालने आए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए के प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के बारे में अपमानजनक बात कहा है। वोट डालने आए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पास मीडिया कर्मी पहुंचे। प्रेस को संबोधित करके हुए तेजस्वी यादव ने एक बार फिर द्रौपदी मुर्मू के बारे में ऐसी बात कही जिससे बिहार की राजनीति में गरमाहट आ सकती है। तेजस्वी यादव ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू एक न्यूट्रल और मजबूत राष्ट्रपति नहीं हो सकतीं। तेजस्वी ने कहा कि संविधान में सबसे उंचा पद राष्ट्रपति का होता है। इसलिए संविधान की रक्षा को लेकर उनका दायित्व सबसे ज्यादा है। जो देश का माहौल है उसमें लोकतंत्र और संविधान पर खतरा है। ऐसे में एक ऐसे राष्ट्रपति की जरूरत है जो इन सारी चीजों को देखे। तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोग ऐसा राष्ट्रपति चाहते हैं जो मजबूत हो और सरकार अगर संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग करती है तो हस्तक्षेप करे, न कि सरकार के पक्ष में रहे। हमलोग न्यूट्रल राष्ट्रपति चाहते हैं।