कांगों में दो जवानों की मौत, सीएम गहलोत ने मांगी केन्द्र सरकार से न्याय

Listen to this article

जयपुर (राजस्थान)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को राज्य के दो जवानों की हत्या पर दुख व्यक्त किया है। कांगो में हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान दोनों जवानों की मृत्यु हुई थी। राजस्थान के दोनों जवान संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का हिस्सा थे।
सांवलाराम विश्नोई और शिशुपाल सिंह दोनों जवान राजस्थान के रहने वाले थे। वो कांगो के बुटेम्बो शहर में तैनात थे। २६ जुलाई को हिंसक सशस्त्र विरोध के दौरान दोनों बुरी तरह से जख्मी हो गए और दम तोड़ दिया।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया कि अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में शांति सेना में तैनात बीएसएफ के दो जवानों की मौत दुखद है। मैं दोनों जवानों की शहादत को सलाम करता हूं। उन्होंने केंद्र सरकार से शहीद जवानों के लिए न्याय सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। कांगो के स्थानीय लोगों ने संयुक्त राष्ट्र के खिलाफ प्रदर्शन और आंदोलन का आह्वान किया था। आंदोलन के दौरान कांगो के गोमा शहर में स्थिति हिंसक हो गई थी। आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने संयुक्त राष्ट्र की संपत्ति को लूट लिया और आग लगा दी। अंतरराष्ट्रीय मीडिया के अनुसार कांगो में संयुक्त राष्ट्र मिशन के खिलाफ पूर्वी शहर गोमा में प्रदर्शन के दूसरे दिन कम से कम पांच लोग मारे गए और लगभग ५० लोग घायल हो गए।