लखनऊ। मंत्रियों द्वारा मंडलीय दौरों के सकारात्मक असर को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अब अगस्त महीने के लिए मंडल बदल दिए हैं। राज्यमंत्रियों को भी अब दूसरे मंत्रियों के साथ लगा दिया गया है। संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना को गोरखपुर की जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी व राज्यमंत्री दिनेश खटीक लगाए गए हैं। दिनेश खटिक हाल में अपने नाराजगी भरे पत्र को लेकर चर्चा में आए थे।
अब मंत्री नए मंडल के जिलों के दौरे पर जल्द निकलेंगे। उनके द्वारा दी गई रिपोर्ट व इन्हीं मंडलों में दूसरे मंत्रियों द्वारा दी गई रिपोर्ट का मिलान होगा। कमियां उजागर होने पर समाधान न होने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। खास बात यह है कि दोनों उपमुख्यमंत्रियों को मंडल दौरे से इस बार मुक्त रखा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक अलग से जिलों के विकास कार्यों की हकीकत देखेंगे और मंत्रियों के मंडलीय दौरों की रिपोर्ट से मिलान कर देखेंगे कि कहां सुधार की जरूरत है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो विभिन्न जिलों का सघन दौरा पहले से करते रहे हैं। इस तरह सीएम व दोनों उप मुख्यमंत्री 25-25 जिलों का विभिन्न चरणों में दौरा करेंगे। वहीं छह-छह मंडल में आने वाले जिलों का दौरा व समीक्षा हो जाएगी। इसके जरिए कानून-व्यवस्था, विकास कार्य व प्राथमिकता वाले कामों की बेहतर निगरानी हो सकेगी।