लखनऊ। समाजवादी पार्टी के साथ तलाक होने के बाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का हमला लगातार तेज होता जा रहा है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर के बाद अब उनके बेटे और पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुन राजभर भी सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को घेरने में लगे हैं। लगातार तंज भी कस रहे हैं।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी पर दो प्रकरण पर हमला बोला है। इनमें से पहला तो विधान परिषद सदस्य के उप चुनाव में कीर्ति कोल के नामांकन पत्र के निरस्त होने का मामला है और दूसरा प्रकरण सोमवार रात को लखनऊ में सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव की सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ भेंट का है।
कीर्ति कोल के नामांकन पत्र के निरस्त होने पर अरुन राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव किसी भी चुनाव को लेकर कभी की गंभीर नहीं रहते हैं। यह तो अपने सहयोगी दल पर सवाल उठाने में लगे रहते हैं। राजभर ने कहा कि कीर्ति कोल का नामांकन पत्र निरस्त होने से पता चल गया कि सपा मुखिया कोई तो चुनाव गंभीरता से लड़ लेते। एमएलसी उपचुनाव में उनकी राजनितिक अपरिपक्वता फिर सामने आ गई है। सपा प्रत्याशी कीर्ति कोल का पर्चा खारिज हो गया है। अखिलेश यादव जी आदिवासी हितैषी होने का ढोंग रचने की जल्दबाजी में अपने प्रत्याशी की आयु देख नहीं पाए। सब जान गए हैं कि यह आदिवासियों को अपमानित करने की साजिश थी जो अब उजागर हो गई।