आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 11 से 18 अगस्त तक होंगे कई कार्यक्रम, गोरखपुर जेल के बंदी बना रहे 1200 से अधिक तिरंगा
गोरखपुर। प्रदेश के सभी जेलों के बंदी एक सप्ताह तक महापुरूषों को नमन करेंगे। जेल के स्मारकों पर इस दौरान नियमित रूप से हर सुबह महापुरूषों के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया जाएगा। देश भक्ति गीतों बजाए जाएंगे। साथ ही हर शाम को स्मारकों पर जेल के अधिकारियों की ओर से दिए जलाए जाएंगे। यह सब आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आगामी 11 से 18 अगस्त तक होगा। इसके लिए प्रदेश सरकार व जेल मुख्यालय से सभी जेल प्रशासन को आदेश आ गया है। आदेश आने के बाद गोरखपुर मंडलीय जेल में भी अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसके तहत गोरखपुर जेल में वर्तमान में निरूद्ध 2418 बंदी व जेल अधिकारी और कर्मचारी मिलकर देश के आजादी के नायक पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के जेल स्थित स्मारक पर उन्हें एक सप्ताह तक हर सुबह नमन करेंगे। वहीं शाम को भी दिए जलाए जाएंगे। वहीं स्मारक को सजाया भी जाएगा।
हर घर तिरंगा के तहत गोरखपुर जेल के बंदी तैयार कर रहे 1200 तिरंगा
हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए गोरखपुर जेल के सिलाई कढ़ाई सेंटर पर काम करने वाले 10 बंदी इस समय तिरंगा भी तैयार कर रहे हैं। जिले के डीपीआरओ ने जेल प्रशासन को एक हजार तिरंगा सिलाई के लिए दिया है। जिसमें से इन बंदियों ने 500 तिरंगा तैयार कर जिला प्रशासन को दे दिया है। अभी 500 तिरंगा और ये बंदी जिला प्रशासन के लिए तैयार कर रहे हैं। साथ ही जेल प्रशासन अपने जेल के कर्मचारियों, अधिकारियों के सरकारी आवासोंं पर भी तिरंगा लहराएगा। इसके लिए करीब 200 तिरंगा ये बंदी तैयार कर रहे हैं। इस संबंध में जेल अधीक्षक ओपी कटियार व जेलर पीके कश्यप ने बताया कि अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं।