लखनऊ। सरहद पर तैनात भारतीय सेना, नौ सेना और वायुसेना के जांबाजों के अलावा सशस्त्र बल के जवानों के परिवारों की भूमि विवाद सहित अन्य समस्याओं का तुरंत निस्तारण होगा। जवानों की समस्याओं का प्रमुखता से निराकरण करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री के आदेश पर एक डिफेंस हेल्पलाइन का गठन कर दिया गया है।
इस डिफेंस हेल्पलाइन में सेना और सशस्त्र बल के जवान और पूर्व सैनिक जारी ईमेल और मोबाइल नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा एक नोडल अधिकारी को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के अपर महानिदेशक डा. एन रविन्दर ने हेल्पलाइन के गठन का आदेश जारी कर दिया है। सेना और सशस्त्र बल के जवान अपनी ड्यूटी पर अक्सर बाहर रहते हैं। यहां लखनऊ व अन्य जिलों में उनके घर पर उनके परिवारों को भूमि विवाद और पारिवारिक उत्पीडऩ जैसी अन्य कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पिछले दिनों ही सरोजनीनगर में कारगिल में तैनात सेना के जवान राम सिंह के परिवार के साथ ही नाली के विवाद में पुलिस ने कोई सुनवाई तक नहीं की थी। ऐसी शिकायतों को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त आदेश दिए हैं।